दुर्गापुर (राम बाबू यादव) :- दुर्गापुर स्टील टाउनशिप के शिवाजी रोड स्थित एक आभूषण दुकान में बीती रात चोरों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देकर सनसनी फैला दी। बेखौफ अपराधियों ने दुकान की टिन की छत काटकर भीतर प्रवेश किया और लाखों रुपये मूल्य के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना के बाद से स्थानीय व्यापारियों में भारी रोष और असुरक्षा का माहौल व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोरों ने दुकान में दाखिल होने के बाद इंटरलॉक तोड़ा और भारी-भरकम तिजोरी को उखाड़कर बाहर निकाल लिया। इसके बाद वे तिजोरी को पास के एक जंगल में ले गए, जहां उसे तोड़कर सोने-चांदी के बहुमूल्य गहने तथा कांस्य (कांस) के बर्तन निकालकर फरार हो गए। दुकान मालिक पिंटू पाल के दावों के अनुसार, चोरी गए सामान की कुल अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख रुपये के आसपास है।
घटना की सूचना मिलते ही दुर्गापुर थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और मुआयना किया। पुलिस ने जंगल से टूटी हुई तिजोरी बरामद कर ली है। अधिकारियों का कहना है कि आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की धरपकड़ के लिए सघन जांच अभियान शुरू कर दिया गया है। जल्द ही इस चोरी का पर्दाफाश कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।




0 Comments