Durgapur से बसों में चोरी करने वाले गिरोह की महिला चोर गिरफ्तार, 23 लाख के गहने बरामद

दुर्गापुर :- बसों में आम यात्रियों के भेष में सवार होकर भीड़ का फायदा उठाकर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। दुर्गापुर की कोकओवेन थाना पुलिस ने यात्रियों के बैग से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी उड़ाने वाली एक महिला को आसनसोल के हीरापुर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। पकड़ी गई आरोपी महिला की पहचान कल्याणी वेद के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से लगभग 12 भारी सोने के गहने बरामद किए हैं, जिनकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 23 लाख रुपये बताई जा रही है।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गत 14 अगस्त को बानू शेख अपनी बेटी की शादी के लिए सोने के गहने लेकर मुचीपाड़ा से बस द्वारा रायडांगा स्थित अपने घर लौट रहे थे। बस में उनके बगल वाली सीट पर एक महिला अपने बच्चे के साथ बैठी थी। रायडांगा में बस से उतरते समय उस महिला की बच्ची ने बानू शेख को गले लगा लिया, जिसे उन्होंने सामान्य समझा। हालांकि, कुछ दूर जाने पर बानू शेख ने देखा कि उनके बैग की ज़िप खुली हुई थी और उसमें रखी सोने की चूड़ियां गायब थीं। घटना के तुरंत बाद उन्होंने कोकओवेन थाने में शिकायत दर्ज कराई।


मामले की जांच में जुटी पुलिस ने बस के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्ध महिला की तलाश शुरू की। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने हीरापुर इलाके में दबिश देकर कल्याणी वेद को दबोच लिया। तलाशी के दौरान बानू शेख की चूड़ियों के अलावा अन्य सोने के आभूषण भी बरामद हुए। पुलिस का अनुमान है कि ये गहने भी अलग-अलग जगहों पर चोरी की घटनाओं से उड़ाए गए थे। पुलिस अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल है। अपने कीमती गहने वापस पाकर राहत महसूस कर रहे बानू शेख ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई के लिए उनका आभार व्यक्त किया है।

Post a Comment

0 Comments