दुर्गापुर (राम बाबू यादव) :- दुर्गापुर थाने की वारिया पुलिस फाड़ी को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर वारिया पुलिस फाड़ी के प्रभारी परिमल विश्वास के नेतृत्व में चलाए गए विशेष छापेमारी अभियान के दौरान लाखों रुपये मूल्य के बेशकीमती कॉपर (तांबे) केबल जब्त किए गए हैं। इस मामले में पुलिस ने गोदाम में काम कर रहे तीन लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 12 अगस्त को गुप्त सूचना मिलने पर दुर्गापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मेनगेट स्थित उर्दू स्कूल के पास सैयद खालिद आजम उर्फ सलमान के गोदाम पर छापेमारी की गई। इस दौरान मौके से विभिन्न आकार और व्यास (डायमीटर) के दर्जनों टुकड़े तांबे के केबल और लगभग 17 किलोग्राम रंगीन पीवीसी कोटेड कॉपर केबल बरामद किए गए।
मौके से गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान दीपू बाउरी (30), फिरोज शेख (38) और दुर्गा साव (47) के रूप में हुई है, जो उसी गोदाम में कार्यरत थे। पुलिस ने इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। 13 अगस्त को आरोपियों को दुर्गापुर अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उन्हें 4 दिनों की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले की गहन जांच में जुटी है।


0 Comments