दुर्गापुर :- दुर्गापुर के कांकसा के राजबांध इलाके में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब गौरी देवी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस एंड हॉस्पिटल के हॉस्टल से प्रथम वर्ष के एक छात्र का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका पाया गया। मृतक छात्र की पहचान बिहार के सीतामढ़ी जिले के रहने वाले 20 वर्षीय अभिषेक कुमार के रूप में हुई है। वह इस मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस प्रथम वर्ष का छात्र था और आगामी 3 सितंबर से उसकी परीक्षाएं शुरू होने वाली थीं।
अस्पताल सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, अभिषेक हॉस्टल के कमरे में अपने एक सहपाठी के साथ रहता था। घटना के समय उसका रूममेट नमाज अदा करने बाहर गया हुआ था। जब वह वापस लौटा तो उसने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद पाया। काफी देर तक आवाज देने और दरवाजा खटखटाने के बाद भी जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो उसे अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद दरवाजा तोड़ा गया, जहां अभिषेक फंदे से लटकता हुआ मिला। आनन-फानन में छात्र को फंदे से उतारकर गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस और छात्र के परिजनों को दी गई।
कॉलेज प्रशासन और पुलिस इस दुखद घटना के कारणों की पड़ताल में जुट गई है। मेडिकल कॉलेज अस्पताल के असिस्टेंट जनरल मैनेजर शुभंकर भट्टाचार्य ने बताया कि आगामी 3 सितंबर से परीक्षाएं शुरू होनी थीं, जिसके चलते शुरुआती तौर पर यह आशंका जताई जा रही है कि अभिषेक परीक्षा के दबाव और मानसिक तनाव में था। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही साफ हो सकेगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



0 Comments