दुर्गापुर :- दुर्गापुर शहर के पॉश इलाके लिंक रोड स्थित एक बंद फ्लैट का ताला तोड़कर बेखौफ बदमाशों ने नगदी और सोने के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित परिवार के अनुसार, चोरी गए सामान और नगदी की कुल कीमत लगभग 12 लाख रुपये आंकी गई है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके के निवासियों में डर और दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के मुताबिक, फ्लैट मालिक रवींद्र कुमार वर्तमान में काम के सिलसिले में सिंगापुर में रहते हैं, जिसके कारण उनका फ्लैट काफी समय से बंद पड़ा था। रविवार को परिवार का एक सदस्य मकान की साफ-सफाई कराने के उद्देश्य से वहां पहुंचा। जब वह मौके पर पहुंचा, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ देखकर उसके होश उड़ गए। घटना के बारे में सत्येंद्र मिस्त्री ने बताया कि रविंद्र कुमार काम के सिलसिले में सिंगापुर में रहते हैं और फ्लैट हमेशा बंद ही रहता है। उनकी पत्नी सफाई के लिए फ्लैट में पहुंची थी तभी चोरी की घटना का खुलासा हुआ। उन्होंने कहा कि चोरी की शिकायत पुलिस के पास दर्ज कराई गई है।
फ्लैट के भीतर जाने पर कमरे के हालात देखकर चोरी का खुलासा हुआ। अलमारी और लॉकर टूटे पड़े थे तथा उसमें रखी भारी मात्रा में नगदी व सोने के कीमती आभूषण गायब थे। पीड़ित परिवार ने तुरंत इसकी सूचना दुर्गापुर थाना पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरी की सटीक तिथि और बदमाशों का सुराग लगाया जा सके।




0 Comments