Durgapur में पंडित जवाहरलाल नेहरु की मूर्ति जंगल में फेंकने पर भड़की कांग्रेस, आंदोलन की चेतावनी

दुर्गापुर :- देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा को क्रेन की मदद से हटाकर पास के जंगल में फेंके जाने का गंभीर मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश व्याप्त है। पार्टी ने पुलिस प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कड़ी कार्रवाई न होने पर बड़े पैमाने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।

यह विवाद दुर्गापुर के हर्षवर्धन प्राइमरी स्कूल के पास स्थित एक मेडिटेशन सेंटर के समीप का है। कांग्रेस का आरोप है कि सेंटर के सामने पंडित नेहरू की एक प्रतिमा स्थापित थी। रक्षाबंधन के कार्यक्रम का आयोजन करने के लिए स्थान बनाने के उद्देश्य से क्रेन के जरिए प्रतिमा को उखाड़कर पास के स्कूल परिसर के जंगल में फेंक दिया गया।


कांग्रेस के जिलाध्यक्ष देवेश चक्रवर्ती ने घटना पर कड़ा ऐतराज जताते हुए कहा कि देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की प्रतिमा के साथ ऐसा अपमानजनक व्यवहार कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिस स्थान से प्रतिमा हटाई गई, वहां आयोजित रक्षाबंधन कार्यक्रम में दुर्गापुर पूर्व के विधायक भी मौजूद थे। हम पुलिस को 24 घंटे का समय दे रहे हैं; यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो व्यापक आंदोलन होगा।

दूसरी ओर, दुर्गापुर पूर्व विधानसभा क्षेत्र के विधायक चंद्रशेखर बनर्जी ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस दो गुटों में बंटी हुई है। एक गुट ने तृणमूल कांग्रेस के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया है और अब इसका दोष भारतीय जनता पार्टी पर मढ़ने की कोशिश कर रहा है। घटना के बाद से क्षेत्र में राजनीतिक पारा चढ़ गया है।

Post a Comment

0 Comments