Durgapur के कई होटलों में नदारद मिले अग्निशमन उपकरण, दमकल विभाग ने थमाया नोटिस

दुर्गापुर :- कोलकाता और तारापीठ के होटलों में हुए भीषण अग्निकांड और जानमाल के नुकसान के बाद अब दुर्गापुर का प्रशासन और दमकल विभाग पूरी तरह सख्त हो गया है। गुरुवार सुबह से ही दुर्गापुर के बेनाचिटी इलाके में स्थित विभिन्न होटलों में दमकल विभाग ने औचक छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान कई होटलों में अग्नि सुरक्षा मानकों की धज्जियां उड़ती पाई गईं, जिससे अधिकारियों के भी होश उड़ गए।



जांच के दौरान पाया गया कि अधिकांश होटलों में पर्याप्त अग्निशमन उपकरण उपलब्ध नहीं थे। कई जगहों पर आपातकालीन निकास (इमरजेंसी एग्जिट), फायर स्प्रिंकलर और जरूरी पाइपलाइन तक गायब थीं। वहीं कुछ होटलों में रखे अग्निशमन यंत्रों की समय-सीमा (एक्सपायरी डेट) समाप्त हो चुकी थी, जबकि कुछ स्थानों पर दमकल की गाड़ियों के पहुंचने तक का रास्ता नहीं था।

अग्नि सुरक्षा नियमों में पाई गई इन गंभीर खामियों को देखते हुए दमकल विभाग ने कई होटल मालिकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। दुर्गापुर दमकल विभाग के प्रभारी अधिकारी मनोज कुमार दास ने स्पष्ट किया कि होटल मालिकों से जवाब मांगा गया है और उन्हें तुरंत आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की चेतावनी दी गई है। उन्होंने कहा कि तय समयसीमा के भीतर संतोषजनक जवाब न मिलने और लापरवाही जारी रहने पर संबंधित होटल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments