कुल्टी :- कुल्टी के डिशरगढ़, नियामतपुर और चितरंजन मार्ग पर Damodar Valley Corporation (DVC) के ताप विद्युत संयंत्र से निकलने वाली राख के कारण लगातार प्रदूषण बढ़ रहा है। प्रतिदिन गुजरने वाले सैकड़ों राख से लदे ट्रकों के निचले हिस्सों से लगातार राख सड़क पर गिर रही है, जिससे पूरा मार्ग धूल की चादर में तब्दील हो जाता है। इस समस्या से परेशान होकर मंगलवार को स्थानीय निवासियों और भाजपा युवा नेताओं के नेतृत्व में नियामतपुर न्यू रोड पर सड़क जाम कर उग्र विरोध प्रदर्शन किया गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि ट्रकों को ऊपर से तिरपाल से ढका जाता है, लेकिन निचले हिस्से से गिरती राख वाहनों की आवाजाही के कारण हवा में उड़ने लगती है। इससे राहगीरों, दोपहिया चालकों, दुकानदारों और स्थानीय निवासियों को सांस लेने में तकलीफ और आंखों में जलन जैसी स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही उड़ती धूल के कारण दृश्यता कम होने से सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी काफी बढ़ गई है। यह समस्या काफी समय से बनी हुई है और पहले भी कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई स्थायी समाधान नहीं निकला है।
घटना की सूचना मिलते ही नियामतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और उच्च अधिकारियों से बातचीत कर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम हटाया गया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन सड़क पर नियमित पानी के छिड़काव और राख के सुरक्षित परिवहन के लिए कड़े कदम नहीं उठाता है, तो वे फिर से बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होंगे।



0 Comments