कोलकाता :- बंगाल रणजी टीम और आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के युवा क्रिकेटर अभिषेक पोरेल की मुश्किलें बढ़ गई हैं। शादी का झांसा देकर एक युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाने और दुष्कर्म करने के गंभीर आरोपों में हुगली जिले की मगरा थाना पुलिस ने मंगलवार को उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उन्हें चुंचुड़ा की सीजेएम (CJM) अदालत में पेश किया, जहां अदालत ने उनकी जमानत याचिका खारिज करते हुए 3 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजने का आदेश सुनाया।
अभिषेक पोरेल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी एक्ट की कई गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह पूरा मामला कर्नाटक की एक मेडिकल छात्रा की शिकायत से जुड़ा है, जिन्होंने गत 23 जून को मगरा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता का आरोप है कि उनका और अभिषेक का साढ़े तीन साल से अफेयर था तथा दोनों ने शादी करने का फैसला किया था। वे एक साथ विदेश यात्रा पर भी गए थे, लेकिन डेढ़ साल पहले उनके रिश्ते में खटास आ गई।
पीड़िता का आरोप था कि शिकायत दर्ज होने के बाद भी पुलिस मामले में हीलाहवाली कर रही थी, जिसके बाद उन्होंने कलकत्ता उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। हाईकोर्ट के कड़े रुख और गिरफ्तारी के निर्देश के बाद पुलिस ने हरकत में आते हुए क्रिकेटर को गिरफ्तार किया। हालांकि, शुरुआत में अभिषेक पोरेल ने इन सभी आरोपों को मनगढ़ंत बताते हुए खारिज कर दिया था।
उल्लेखनीय है कि अभिषेक पोरेल घरेलू क्रिकेट में बंगाल के लिए शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं और आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के लिए विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में अपनी पहचान बनाई है। अब इस गंभीर कानूनी मामले में गिरफ्तारी से उनके उभरते हुए क्रिकेट करियर पर अनिश्चितता के काले बादल मंडराने लगे हैं।



0 Comments