ISI का संदिग्ध एजेंट पाकिस्तानी नागरिक गिरफ्तार, फर्जी पहचान पत्र बरामद

कोलकाता :- पश्चिम बंगाल STF को आतंकी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ की टीम ने भारत-बांग्लादेश सीमा पर स्थित बनगांव इलाके से एक संदिग्ध पाकिस्तानी नागरिक को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान राणा रऊफ उर्फ वहाब के रूप में हुई है। प्राथमिक जांच के अनुसार, वह नेपाल सीमा के रास्ते भारत में दाखिल हुआ था और पिछले कई महीनों से कोलकाता के तपसिया इलाके में बढ़ई का काम करते हुए छुपा बैठा था।

पकड़े गए संदिग्ध के पास से फर्जी पहचान पत्र भी बरामद हुए हैं। उसने बंगाल में रहने के लिए भारतीय नागरिकता के फर्जी दस्तावेज बनवाए थे। एसटीएफ ने उस स्थानीय व्यक्ति को भी गिरफ्तार कर लिया है, जिसने उसे ये जाली कागजात उपलब्ध कराने में मदद की थी। जांच अधिकारियों को संदेह है कि आरोपी पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़ा हुआ है और कोलकाता में उसका मुख्य उद्देश्य गुप्तचर गतिविधियों को अंजाम देकर महत्वपूर्ण जानकारियां बाहर भेजना था। हाल ही में गिरफ्तार किए गए जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी हमीम मंडल से पूछताछ के बाद इस संदिग्ध का सुराग मिला था। एसटीएफ अब उसके मोबाइल फोन, संपर्क सूत्रों और नेपाल से बनगांव तक के पूरे नेटवर्क की गहनता से पड़ताल कर रही है।

Post a Comment

0 Comments