Jamuria में ECL के परित्यक्त क्वार्टर से 4 देशी पिस्तौल, रिवाल्वर, पाइपगन और 8 कारतूस बरामद

जामुड़िया :- आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट (ADPC) के डिटेक्टिव डिपार्टमेंट (DD) और जामुड़िया थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बुधवार देर रात करीब 1:30 बजे जामुड़िया स्थित ईसीएल (ECL) की नॉर्थ सियारसोल कोलियरी के एक सुनसान व दोमंजिला वीरान क्वार्टर में छापेमारी कर अवैध हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया है।पुलिस सूत्रों के अनुसार, जामुड़िया थाने में दर्ज मामला संख्या 219/26 (भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत) के संबंध में पुलिस कस्टडी में मौजूद एक आरोपी से पूछताछ के दौरान मिली सटीक जानकारी के आधार पर यह विशेष अभियान चलाया गया था।तलाशी के दौरान मौके से 1 देसी 7 एमएम पिस्तौल, 1 देसी रिवॉल्वर, 2 देसी पाइप गन और 8 राउंड जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। हालांकि, छापेमारी के दौरान मौके से किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। मामले पर जानकारी देते हुए एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि हथियारों की जब्ती के संबंध में कानून की सुसंगत धाराओं के तहत नया मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन अवैध हथियारों की सप्लाई कहाँ से हुई थी, इन्हें किस वारदात को अंजाम देने के लिए यहाँ छिपाकर रखा गया था और इस पूरे नेटवर्क के पीछे कौन-कौन से अपराधी शामिल हैं।

Post a Comment

0 Comments