Kolkata के होटल में भीषण अग्निकांड में 9 लोगों की मौत, घटनास्थल पर पहुंचे 3 मंत्री, सभी होटलों की होगी ऑडिट

कोलकाता :- शहर के व्यस्त मिर्जा गालिब स्ट्रीट पर मंगलवार देर एक होटल की तीसरी मंजिल पर अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग का धुएं का गुबार आसपास के अन्य होटलों और इमारतों में फैल गया, जिससे चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई। अधिकांश लोग उस समय सो रहे थे। धुएं और संकरे रास्तों के कारण बाहर निकलने की होड़ में लोग फंस गए। इस हादसे में बच्चों समेत 9 लोगों की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि कई लोग बेहोश हो गए जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बुधवार को उस इलाके में शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल, उद्योग मंत्री तापस रॉय और अग्निशमन मंत्री कौशिक चौधरी पहुंचे। स्थिति का जायजा लेने के बाद अग्निमित्रा ने जमकर नाराजगी जताई। उन्होंने सवाल उठाया कि एक ही बहुमंजिला इमारत में कई होटल कैसे चल रहे थे? भारी संख्या में एसी भी चल रहे थे। सीईएससी (CESC) ने इसकी अनुमति कैसे दी? तृणमूल के शासनकाल में कोलकाता नगर निगम ने ट्रेड लाइसेंस कैसे पास किया?



मंत्री अग्निमित्रा ने यह भी बताया कि कोलकाता नगर निगम के तहत आने वाले होटलों का ऑडिट किया जाएगा। घटनास्थल पर राज्य के अग्निशमन मंत्री कौशिक चौधरी भी पहुंचे। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के पापों का फल भुगतना पड़ रहा है। यहां होटल चलाने की अनुमति कैसे मिली और ट्रेड लाइसेंस कैसे जारी हुआ? इसकी जांच की जाएगी। एक समिति गठित कर पूरी घटना की विस्तृत जांच होगी। पुलिस ने मामले की जांच पहले ही शुरू कर दी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए (सुओ मोटो) मामला दर्ज किया है। डीसीडीडी (DCDD) के नेतृत्व में एक विशेष जांच समिति का गठन भी कर दिया गया है। अग्निशमन विभाग की ओर से भी शिकायत दर्ज कराई गई है। इमारत और होटल के मालिकों की तलाश में छापेमारी जारी है।

Post a Comment

0 Comments