Kulti के रामपुर चेकपोस्ट पर अवैध वसूली मामले में 5 लाख की नकदी के साथ कथित दलाल बाबलू भंडारी गिरफ्तार

कुल्टी :- कुल्टी थाना के चौरंगी पुलिस फाड़ी अंतर्गत रामपुर MVI चेकपोस्ट पर भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के मामले की पड़ताल कर रही कुल्टी थाना पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। दो MVI अधिकारियों के निलंबन व गिरफ्तारी और राष्ट्रीय राजमार्ग के पास स्थित कथित ‘मामा होटल’ के मालिक अभिजीत घोष को जेल भेजने के बाद अब पुलिस ने इस मामले में कथित दलाल बाबलू भंडारी को गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार शाम एसीपी (कुल्टी) जावेद हुसैन के नेतृत्व में भारी पुलिस बल ने कुल्टी थाना क्षेत्र के चौरंगी फाड़ी अंतर्गत चलबलपुर गांव स्थित बाबलू भंडारी के घर पर अचानक छापेमारी की और काफी देर तक तलाशी अभियान चलाया। 

तलाशी के दौरान पुलिस ने बाबलू भंडारी के घर से 5 लाख रुपये से अधिक की नकदी, दो मोबाइल फोन और कई महत्वपूर्ण डायरियां बरामद कीं, जिसके बाद उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया। जांच अधिकारियों का प्राथमिक अनुमान है कि बरामद नकदी, मोबाइल और डायरियाँ रामपुर MVI चेकपोस्ट पर जारी अवैध आर्थिक लेनदेन और भ्रष्टाचार के नेटवर्क की पोल खोल सकती हैं। पुलिस अब जब्त दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों को खंगालने में जुटी है ताकि इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों के नामों का खुलासा किया जा सके। रामपुर MVI मामले में बैक-टू-बैक हो रही इन बड़ी गिरफ्तारियों से पूरे औद्योगिक क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है और पुलिस को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में कई और अहम खुलासे हो सकते हैं।

Post a Comment

0 Comments