कुल्टी :- कुल्टी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आसनसोल नगर निगम के वार्ड संख्या 73 में शुक्रवार को जब क्षेत्र की महिलाओं ने स्थानीय भाजपा पार्टी कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी महिलाओं का आरोप है कि ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों माध्यमों से सभी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी करने के बावजूद उनके अन्नपूर्णा योजना का पैसा अब तक उनके बैंक खातों में जमा नहीं हुआ है।
महिलाओं ने बताया कि आवेदन जमा करते समय उन्हें आश्वासन दिया गया था कि 17 अगस्त तक योजना की राशि उनके खातों में स्थानांतरित कर दी जाएगी। हालांकि, 17 तारीख बीत जाने के बाद भी बैंक खातों में राशि न पहुंचने से उनका सब्र टूट गया और वे विरोध जताने के लिए सड़क पर उतर आईं।
प्रदर्शन में शामिल महिलाओं का कहना है कि वे बेहद गरीब और जरूरतमंद परिवारों से ताल्लुक रखती हैं। इस सरकारी वित्तीय सहायता पर उनका परिवार काफी हद तक निर्भर है। यदि समय पर उनके हक का पैसा रोक दिया जाएगा, तो उनके सामने दैनिक जीवन का निर्वाह करना और परिवार चलाना एक बहुत बड़ी मुसीबत बन जाएगा। महिलाओं ने प्रशासन और राज्य सरकार से गुहार लगाई है कि उनके आवेदनों की तुरंत समीक्षा कर अन्नपूर्णा भंडार की बकाया राशि जल्द से जल्द उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की जाए।

0 Comments