हावड़ा के पूर्व MIC श्यामल मित्रा गिरफ्तार, कोर्ट ले जाते समय पुलिस के सामने जमकर पिटाई

हावड़ा :- हावड़ा नगर निगम के पूर्व मेयर इन काउंसिल और राज्य के पूर्व मंत्री अरूप रॉय के करीबी तृणमूल कांग्रेस नेता श्यामल मित्रा को पुलिस ने न्यूटाउन से गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ रंगदारी, डराने-धमकाने और मारपीट सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं। शनिवार को जब शिवपुर पुलिस उन्हें हावड़ा अदालत ले जा रही थी, तब आक्रोशित भीड़ ने पुलिस के सामने ही उन पर कच्चे अंडे फेंके और हाथापाई करने की कोशिश की। पुलिस के सामने ही जमकर पिटाई की गई। 



पुलिस के अनुसार, 4 मई को चुनावी नतीजे घोषित होने के बाद अनुमति के बिना जुलूस निकालने और मना करने पर पुलिस कर्मियों पर हमला करने का आरोप श्यामल पर लगा था। इस हमले में एक सब-इंस्पेक्टर सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। इसके अलावा, शिवपुर थाने में शुभजीत चटर्जी नामक व्यक्ति ने उनके खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि 10 अप्रैल की रात श्यामल ने अपने सहयोगियों के साथ भाजपा कार्यालय के बाहर हमला किया, हथियार दिखाकर 1.5 लाख रुपये की रंगदारी मांगी और मना करने पर मारपीट कर 30 हजार रुपये छीन लिए। शनिवार को पुलिस सुरक्षा के बीच उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहाँ से मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Post a Comment

0 Comments