बालू तस्करी मामले में गिरफ्तार जामुड़िया के पूर्व MLA के बेटे प्रेमपाल सिंह की कोर्ट में पेशी

जामुड़िया (राम बाबू यादव) :- जामुड़िया के पूर्व विधायक हरे राम सिंह के बेटे प्रेमपाल सिंह को अवैध रेत कारोबार (बालू तस्करी) के मामले में पुलिस ने अंडाल एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया है। आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की, जिसके बाद आरोपी को जामुड़िया थाने के सुपुर्द कर दिया गया। प्रेमपाल सिंह राज्य विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद से ही लगातार फरार चल रहे थे और पुलिस को लंबे समय से उनकी तलाश थी। गुरुवार को जब उन्होंने अंडाल एयरपोर्ट के रास्ते बाहर भागने की योजना बनाई, तो अंडाल पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें धर दबोचा।

मामला केवल अवैध बालू तस्करी तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इससे हथियार और कारतूस की बरामदगी का लिंक भी जुड़ रहा है। कुछ सप्ताह पहले पुलिस ने बहुला कोलियरी क्षेत्र स्थित प्रेमपाल सिंह के घर के सामने बने एक दलीय कार्यालय में तलाशी अभियान चलाया था। उस दौरान वहां से लगभग 80 राउंड जीवित कारतूस बरामद हुए थे। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इतने बड़े पैमाने पर कारतूस वहां कहां से और किस मकसद से लाए गए थे।

राजनैतिक पृष्ठभूमि की बात करें तो हरे राम सिंह वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव में जामुड़िया सीट से तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर जीतकर विधायक बने थे। पार्टी ने उन्हें हालिया चुनाव में भी अपना उम्मीदवार बनाया था, लेकिन इस बार उन्हें भाजपा के बिजन मुखर्जी के हाथों पराजय का सामना करना पड़ा। चुनाव के बाद से ही बालू तस्करी के इस पूरे नेटवर्क में उनके बेटे प्रेमपाल सिंह का नाम प्रमुखता से सामने आ रहा था।

शुक्रवार को पुलिस आरोपी प्रेमपाल सिंह को आसनसोल अदालत में पेश करने जा रही है। बालू तस्करी गिरोह के बाकी नेटवर्क का पर्दाफाश करने और बरामद कारतूसों के रहस्य से पर्दा उठाने के लिए जांच अधिकारी अदालत से उन्हें अपनी हिरासत में देने की मांग करेंगे। पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि इस अंतरराज्यीय या स्थानीय तस्करी चक्र में और कौन-कौन से रसूखदार लोग शामिल हैं।

Post a Comment

0 Comments