NCPI सांसदों के साथ दिल्ली में CM शुभेंदु अधिकारी ने की अहम बैठक

कोलकाता :- तृणमूल कांग्रेस छोड़कर 'नेशनलिस्ट सिटीजंस पार्टी ऑफ इंडिया' (NCPI) में शामिल हुए 20 सांसदों का भविष्य अब भी अधर में लटका हुआ है। पार्टी बदले कई दिन बीत जाने के बाद भी लोकसभा अध्यक्ष ने उन्हें अलग गुट के रूप में मान्यता नहीं दी है। इस अनिश्चितता के बीच मुर्शिदाबाद से सांसद अबू ताहेर, जंगीपुर के खलीलुर रहमान और बहरामपुर के युसूफ पठान को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। इसी पृष्ठभूमि में दिल्ली स्थित बंग भवन में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ NCPI सांसदों की डेढ़ घंटे से अधिक लंबी बैठक हुई। बैठक में राज्य के विकास और सांसदों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने अबू ताहेर, खलीलुर रहमान और युसूफ पठान से अलग से भी बातचीत की। बैठक के बाद मथुरापुर के सांसद बापी हालदार और रचना बनर्जी ने बताया कि चर्चा बेहद सकारात्मक रही और मुख्यमंत्री ने राज्य के विकास के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दोहराया है। मान्यता में हो रही देरी के कारण कुछ सांसद अधीर हो रहे हैं। अबू ताहेर ने स्पष्ट किया कि वे संसद में मुस्लिम हितों के खिलाफ किसी भी बिल का विरोध करेंगे और अलग दल के रूप में पहचान चाहते हैं। इस बैठक ने बागी सांसदों की TMC में वापसी की अटकलों पर फिलहाल विराम लगा दिया है।

Post a Comment

0 Comments