दुर्गापुर :- नेपाल में आई भीषण प्राकृतिक आपदा के बाद दुर्गापुर के बामुनारा स्थित तपोवन सिटी निवासी एक दंपत्ति से संपर्क पूरी तरह टूट गया है। तपोवन सिटी के रहने वाले अरिंदम गांगुली और उनकी पत्नी मौसमी गांगुली बीती 21 तारीख को एक ट्रेवल एजेंसी के जरिए कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए रवाना हुए थे। जानकारी के मुताबिक, उन्हें नेपाल के रास्ते मानसरोवर जाना था। स्थानीय निवासियों ने बताया कि यात्रा पर निकलने के बाद शुरुआती दो दिनों तक फोन करने पर घंटी तो बजती रही, लेकिन दूसरी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद नेपाल में आई भयंकर आपदा की खबर आते ही परिजनों और पड़ोसियों की चिंता गहरी हो गई। फिलहाल दंपत्ति से किसी भी तरह का संपर्क नहीं हो पा रहा है।
स्थानीय निवासी गौतम अधिकारी ने बताया कि दोनों नेपाल के रास्ते कैलाश मानसरोवर यात्रा पर निकले थे। आपदा के बाद से उनका फोन पूरी तरह से बंद या संपर्क से बाहर है, जिससे अनहोनी की आशंका सता रही है। मिली जानकारी के अनुसार, दुर्गापुर से उस एजेंसी के माध्यम से कुल छह लोग इस यात्रा पर गए थे। इनमें से मौसमी और अरिंदम से संपर्क कट जाने के कारण परिवार, रिश्तेदार और पूरा तपोवन सिटी इलाका बेहद चिंतित है। स्थानीय लोग दंपत्ति की जल्द और सुरक्षित वापसी के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।



0 Comments