अंडाल (राम बाबू यादव) :- अंडाल थाना क्षेत्र अंतर्गत काजोड़ा मोड़ के समीप नेशनल हाईवे-19 (एनएच-19) के किनारे स्थित होटलों के सामने किए गए अवैध निर्माणों पर शनिवार को नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (NHAI) और बरवाअड्डा एक्सप्रेस-वे लिमिटेड ने बड़ी कार्रवाई की। अधिकारियों की टीम बुलडोजर (जेसीबी मशीन) के साथ मौके पर पहुंची और सड़क किनारे बने तमाम अवैध ढांचों को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों को स्थानीय स्तर पर थोड़े विरोध का सामना भी करना पड़ा, जिससे कुछ समय के लिए इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। हालांकि, प्रशासन और अधिकारियों की मुस्तैदी के चलते विरोध को दरकिनार करते हुए सभी अवैध अतिक्रमणों को हटा दिया गया।
बरवाअड्डा एक्सप्रेस-वे लिमिटेड के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नेशनल हाईवे-19 की जमीन पर किए गए अवैध निर्माण को लेकर संबंधित दुकानदारों व भू-स्वामियों को पहले ही नोटिस जारी किए गए थे। नोटिस दिए जाने के बावजूद लोगों ने स्वयं से अतिक्रमण नहीं हटाया, जिसके बाद यह प्रशासनिक कार्रवाई करनी पड़ी। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि राष्ट्रीय राजमार्ग की जमीन पर जहां कहीं भी अवैध कब्जा किया गया है, उसे हर हाल में खाली कराया जाएगा और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।



0 Comments