कोलकाता :- कोलकाता के नीलरतन सरकार (NRS) मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में एक नर्स की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद हड़कंप मच गया है। मृतका के शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं और न ही कोई सुसाइड नोट बरामद हुआ है। घटनास्थल से उनका मोबाइल फोन बरामद किया गया है। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, HDU (हाई डिपेंडेंसी यूनिट) में ड्यूटी पर तैनात नर्स फेंटानिल (मरीजों को बेहोश करने वाली दवा) की तीन शीशियां (वायल्स) लेकर शौचालय गई थीं। डॉक्टरों को आशंका है कि उन्होंने अपने हाथ की नस में यह इंजेक्शन लगाया था। हालांकि, उनकी मौत की असली वजह अभी साफ नहीं हो सकी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री शारद्वत मुखर्जी और कोलकाता पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी, जिनमें अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) कुणाल अग्रवाल शामिल हैं, मौके पर पहुंचे। इस बीच मृतका के पति राहुल दास ने एनआरएस अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने पर आपत्ति जताई है। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने बताया कि घटनास्थल को सील कर दिया गया है और होमिसाइड शाखा ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस परिजनों की इच्छा के अनुसार ही किसी अन्य स्थान पर पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाएगी।

0 Comments