Raniganj में डकैती की योजना बना रहे 4 आरोपी हथियारों के साथ गिरफ्तार

रानीगंज :- रानीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत पंजाबी मोड़ फाड़ी की पुलिस ने डकैती की नीयत से इकट्ठा हुए 4 आरोपियों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। हालांकि, अंधेरे का फायदा उठाकर दो अन्य आरोपी मौके से भागने में सफल रहे। पंजाबी मोड़ फाड़ी के प्रभारी (आईसी) नजमुल हुदा के नेतृत्व में पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम देते हुए एक बड़ी आपराधिक वारदात को होने से पहले ही टाल दिया। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई देर रात लगभग साढ़े तीन बजे रानीगंज के अमरासोता मोड़ इलाके के पास की गई। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने एक ओम्नी वैन को रोककर जब उसकी तलाशी ली, तो उसमें से एक देसी आग्नेयास्त्र, एक राउंड जिंदा कारतूस, दो धारदार हथियार, लोहे की छड़, कटर और तीन मोबाइल फोन बरामद हुए। 


गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान 19 वर्षीय ताज खान, 30 वर्षीय शेख अजहरुद्दीन, 23 वर्षीय शेख अलाउद्दीन और 19 वर्षीय शेख हसन के रूप में हुई है। ये सभी पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के दुबराजपुर और कांकड़तला इलाके के निवासी बताए जा रहे हैं। प्राथमिक पूछताछ में पुलिस को पता चला है कि आरोपी किसी बड़ी डकैती को अंजाम देने की फिराक में थे। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें आसनसोल जिला अदालत में पेश किया है, जबकि फरार दो बदमाशों की तलाश जारी है।

Post a Comment

0 Comments