रानीगंज :- रानीगंज के लायंस डीएवी पब्लिक स्कूल के सभागार में मंगलवार को शैक्षणिक सत्र 2025-26 के कक्षा 10वीं और 12वीं के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने के लिए वार्षिक सम्मान समारोह 'इंसपिरियोन-2026' का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम छात्रों के वर्ष भर के निरंतर प्रयास, समर्पण और उत्कृष्ट प्रदर्शन का प्रतीक है। समारोह में कक्षा 10वीं और 12वीं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों, विषयों में 100% तथा 90% से अधिक अंक हासिल करने वाले मेधावियों और उनके अभिभावकों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ गायत्री मंत्र के जाप, दीप प्रज्ज्वलन और मनमोहक डीएवी गान के साथ हुआ। इसके बाद छात्रों ने प्रेरणादायक सामूहिक गीत और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में काजी नजरूल यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर प्रोफेसर डॉ. उदय बनर्जी और विशिष्ट अतिथि के रूप में टी.डी.बी. कॉलेज के पूर्व प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. निपांकन हाजरा उपस्थित रहे। वहीं डीएवी पश्चिम बंगाल क्षेत्र की क्षेत्रीय अधिकारी पापिया मुखर्जी, एल.एम.सी अध्यक्ष लायन सपन लोयलका, सुशील कुमार गनेड़ीवाला और विद्यालय की प्राचार्या मंदिरा दे सहित कई गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही।
मुख्य अतिथि डॉ. उदय बनर्जी ने सर्वोच्च अंक प्राप्तकर्ता छात्रों को पुरस्कार प्रदान किए और पढ़ाई के साथ-साथ स्वास्थ्य पर ध्यान देने एवं आनंदपूर्वक शिक्षा ग्रहण करने का संदेश दिया। विद्यालय के अध्यक्ष सपन लोयलका ने शत-प्रतिशत व 90% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्रों को पुरस्कृत किया। प्राचार्या मंदिरा दे ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन व अनुशासन की सराहना करते हुए सभी सफल छात्रों और उनके अभिभावकों को बधाई दी। अंत में धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का सफल समापन हुआ।


0 Comments