RG Kar मामले में ओडिशा से गिरफ्तार हुए पानीहाटी के पूर्व TMC MLA निर्मल घोष

कोलकाता :- आरजी कर अस्पताल की डॉक्टर के साथ बलात्कार और हत्या के मामले में पीड़िता के शव का जबरन अंतिम संस्कार कराने के आरोपी पानीहाटी के पूर्व तृणमूल कांग्रेस विधायक निर्मल घोष को पुलिस ने ओडिशा से गिरफ्तार कर लिया है। मृतका के पिता द्वारा उत्तर 24 परगना के खड़दह थाने में दर्ज कराई गई नई प्राथमिकी के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार, मामला दर्ज होने के बाद निर्मल घोष ओडिशा भाग गए थे और नया फोन व सिम कार्ड इस्तेमाल कर रहे थे। पुलिस ने मोबाइल टावर लोकेशन ट्रैकिंग के जरिए गुरुवार सुबह पुरी के पास एक होटल से उन्हें धर दबोचा। पुलिस उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर कोलकाता लाएगी और बैरकपुर अदालत में पेश करेगी। इस मामले में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री शारद्वत मुखर्जी ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की, हालांकि उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि आरोपी इतने दिनों तक खुलेआम कैसे घूम रहा था। उल्लेखनीय है कि हाल ही में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पानीहाटी श्मशान घाट की घटना की जांच के निर्देश दिए थे, जिसके बाद पूर्व विधायक निर्मल घोष, स्थानीय पार्षद सोमनाथ दे और पड़ोसी संजीब मुखर्जी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी।


Post a Comment

0 Comments