कोलकाता :- आरजी कर अस्पताल में युवा डॉक्टर के साथ हुए दुष्कर्म और हत्या के मामले में गिरफ्तार पानीहाटी के पूर्व विधायक निर्मल घोष को शुक्रवार सुबह खड़दह थाने लाया गया। जब पुलिस उन्हें थाने से अदालत ले जाने के लिए बाहर निकली, तो वहां मौजूद भीड़ ने निर्मल घोष को निशाना बनाकर अंडे फेंके। हमले से बचने के लिए वरिष्ठ नेता को हेलमेट तक पहनना पड़ा, लेकिन फिर भी वे आक्रोशित लोगों के गुस्से से नहीं बच सके। थाने के दरवाजे से पुलिस वैन तक जाने के दौरान उन्हें लोगों के थप्पड़ और लात घूसों का सामना करना पड़ा।
निर्मल घोष को पुलिस ने ओडिशा से गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को उन्हें बैरकपुर अनुमंडल (सब-डिविजनल) अदालत में पेश किया गया। इस मामले में गिरफ्तार एक अन्य आरोपी और पूर्व पार्षद संजीब मुखर्जी पर भी लोगों ने अंडे फेंके। थाने के बाहर जमा भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने 'चोर-चोर' के नारे लगाए, डीजे बजाया और कुछ लोग जूतों की माला लेकर भी पहुंचे थे।
पीड़िता के पिता द्वारा दर्ज कराई गई नई शिकायत के आधार पर पुलिस ने निर्मल घोष और संजीब मुखर्जी को गिरफ्तार किया है, जबकि तीसरे आरोपी सोमनाथ दे की तलाश अभी जारी है। शुक्रवार को जब आरोपियों को कोर्ट ले जाया जा रहा था, तब पीड़िता के पिता भी खड़दह थाने में मौजूद थे। हालांकि उन्होंने मीडिया से बात नहीं की, लेकिन उनके चेहरे का संतोष साफ बता रहा था कि वे इन गिरफ्तारियों से राहत महसूस कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, वे इस मामले में अपना गोपनीय बयान दर्ज करा सकते हैं और उन्हें अलग से पुलिस सुरक्षा दी जा सकती है।
उल्लेखनीय है कि 9 अगस्त 2024 को आरजी कर अस्पताल के सेमिनार हॉल से ऑन-ड्यूटी महिला डॉक्टर का शव बरामद किया गया था। आरोप है कि परिवार की अनुमति के बिना जल्दबाज़ी में शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया था। उस समय निर्मल घोष विधायक थे और उन पर शव को जल्दबाज़ी में जलवाने का आरोप लगा है। पीड़िता के पिता ने निर्मल घोष, पड़ोसी संजीब और टीएमसी पार्षद सोमनाथ के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने यह कड़ी कार्रवाई की है।




0 Comments