कोलकाता :- पश्चिम बंगाल में रविवार को 'अभया दिवस' के रूप में भावुक माहौल में श्रद्धांजलि अर्पित की गई। ठीक दो साल पहले 9 अगस्त को आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में चेस्ट मेडिसिन विभाग की महिला डॉक्टर की नृशंस हत्या और दुष्कर्म की घटना घटी थी। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद नए सिरे से खुली आरजी कर फाइलों के बीच वर्तमान सरकार ने पूरे प्रदेश में इस दिन को आधिकारिक रूप से स्मरण करने की घोषणा की थी। इसी क्रम में आसनसोल जिला अस्पताल के कॉन्फ्रेंस हॉल में विशेष श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान डॉक्टरों, नर्सों और स्वास्थ्यकर्मियों की मौजूदगी में दो मिनट का मौन रखा गया। इस अवसर पर राज्य की मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओएच) डॉ. शेख मोहम्मद यूनुस और अस्पताल अधीक्षक के साथ भाग लिया तथा अपनी स्वरचित कविता का पाठ किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि स्वास्थ्यकर्मियों और डॉक्टरों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है ताकि ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निर्देशानुसार सुबह 11 बजे राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में दो मिनट का मौन रखकर दीप प्रज्वलित किए गए। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. शारद्वत मुखर्जी ने भी जांच को लेकर सभी संबंधित लोगों को समन भेजने की बात कही। वहीं, शाम को अभया की मां व विधायक रत्ना देवनाथ द्वारा आयोजित विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री शिरकत करेंगे।



0 Comments