TMC सांसद Mahua Moitra के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी, कोर्ट में पेश न होने पर बढ़ीं मुश्किलें

कोलकाता :- कृष्णनगर से तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सांसद Mahua Moitra की मुश्किलें उस समय बढ़ गईं, जब कृष्णनगर जिला अदालत ने उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया। एक मामले में बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद अदालत में व्यक्तिगत रूप से पेश न होने के कारण यह वारंट जारी किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, घूर्णी इलाके की कुछ महिलाओं ने Mahua Moitra के खिलाफ लगातार आपत्तिजनक टिप्पणियां करने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया था। इस मामले की सुनवाई कृष्णनगर जिला अदालत में चल रही थी। अदालत ने सांसद को बुधवार को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने का स्पष्ट निर्देश दिया था, लेकिन Mahua Moitra कोर्ट में पेश नहीं हुईं। उनके वकील ने अदालत को सूचित किया कि सांसद उपस्थित होने में असमर्थ हैं। इस पर अदालत ने उन्हें शाम 5 बजे तक का अतिरिक्त समय दिया। हालांकि, तय समयसीमा खत्म होने के बाद भी जब वह नहीं पहुंचीं, तो वकील ने फिर असमर्थता जताई। इसके तुरंत बाद निचली अदालत ने कड़ा रुख अपनाते हुए उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया। सांसद के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी होने की खबर पर प्रतिक्रिया देते हुए उद्योग मंत्री तापस रॉय ने कहा कि इन लोगों में बहुत घमंड है और इन्हें इस बात का अंदाजा नहीं है कि कहां क्या बोलना चाहिए। जब बिना कुछ किए पद मिल जाता है, तब ऐसा ही होता है। अदालत ने स्थिति को देखते हुए जो उचित समझा, वही निर्देश दिया है।

Post a Comment

0 Comments