दुर्गापुर :- बर्दवान-दुर्गापुर लोकसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद कीर्ति आजाद ने विरोधियों द्वारा किए जा रहे 'एग-थेरेपी' (अंडे फेंकने की घटना) पर कड़ा ऐतराज जताते हुए बड़ा बयान दिया है। एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए सांसद ने स्पष्ट चेतावनी दी कि आत्मरक्षा का अधिकार हर नागरिक को है और अब वे भी अपनी सुरक्षा के लिए पिस्टल का लाइसेंस लेंगे।
सांसद कीर्ति आजाद ने पांडेश्वर के पूर्व विधायक नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती समेत उन नेताओं पर निशाना साधा जो पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का साथ छोड़कर विधानसभा में विपक्ष के नेता ऋतव्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले गुट में शामिल हो गए हैं। कीर्ति आजाद ने स्पष्ट कर दिया कि नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती हो या फिर कोई और जो लोग छोड़कर चले गए हैं उन्हें किसी भी कीमत पर वापस पार्टी में नहीं लिया जाएगा।
भाजपा और आरएसएस पर सीधा निशाना साधते हुए पूर्व क्रिकेटर व सांसद कीर्ति आजाद ने कहा कि वे किसी से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने भारत के लिए क्रिकेट खेला है और भारत माता की आन, बाण व शान के लिए मैदान पर उतरे हैं। पश्चिम बंगाल की मौजूदा राजनीतिक स्थिति की तुलना अफ्रीकी देशों से करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि वहां समुद्र में समुद्री लुटेरे घूमते हैं, लेकिन यहां शहरों, गलियों और घरों में लुटेरे और डाकू खुलेआम घूम रहे हैं। उन्होंने पूरे माहौल को 'राक्षस राज' करार दिया। सांसद कीर्ति आजाद ने आशीष बनर्जी और ऋतब्रत बनर्जी के मुद्दों पर भी बयान दिए। उन्होंने आरोप लगाया कि आशीष बनर्जी पर लगातार पार्टी छोड़ने के लिए दबाव बनाया जा रहा था और उन्हें धमकियां दी जा रही थीं, जिसकी जांच की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने ऐलान किया कि दुर्गा पूजा के बाद टीएमसी के कई बड़े कार्यक्रम और अभियान शुरू होंगे।


0 Comments