TMC के पूर्व विधायक सनत दे गिरफ्तार, रंगदारी और हिंसा के आरोप में बैरकपुर कोर्ट में पेशी

कोलकाता :- नैहाटी के पूर्व तृणमूल विधायक सनत दे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ रंगदारी और चुनावी हिंसा समेत कई गंभीर आरोप दर्ज हैं। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए जांचकर्ताओं ने शनिवार सुबह दत्तपुकुर में छापेमारी कर सनत दे को हिरासत में लिया। इसके बाद उन्हें नैहाटी थाने लाया गया, जहां से पुलिस उन्हें बैरकपुर अदालत में पेश करने जा रही है। इससे पहले उनके घर पर भी पुलिस की छापेमारी हुई थी, लेकिन उस दौरान वे फरार हो गए थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सनत दे पर 2021 के चुनाव के बाद हुई हिंसा, मारपीट और इलाके में वसूली का गिरोह चलाने के आरोप हैं। इसके अलावा नैहाटी में भाजपा और तृणमूल के बीच हुई झड़पों में भी उनका नाम शामिल था। गिरफ्तारी की खबर मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने नैहाटी थाने के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। भाजपा नेताओं का आरोप है कि सनत दे के अत्याचारों के कारण कई कार्यकर्ताओं को बेघर होना पड़ा था और झूठे मुकदमों में जेल जाना पड़ा था। 2026 के विधानसभा चुनावों में तृणमूल की करारी हार के बाद से पार्टी के कई बड़े नेताओं, पार्षदों और कालीघाट समर्थक नेताओं के खिलाफ कानूनी शिकंजा कसता जा रहा है। अब तक डर के साए में रहे पीड़ित लोग खुलकर शिकायत दर्ज करा रहे हैं, जिससे पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है।

Post a Comment

0 Comments