दुर्गापुर :- झारखंड और पश्चिम बंगाल में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण दामोदर नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। ऊपरी इलाकों में भारी बारिश के चलते पंचेत और मैथन डैम से चरणबद्ध तरीके से लगभग 70 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है, जो सीधे दुर्गापुर बैराज पहुंच रहा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सिंचाई विभाग ने दुर्गापुर बैराज से पानी छोड़ने की मात्रा बढ़ा दी है।
सिंचाई विभाग के सूत्रों के अनुसार, बुधवार दोपहर तक दुर्गापुर बैराज से 1,11,400 क्यूसेक की दर से पानी छोड़ा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि यदि बारिश का दौर यूं ही जारी रहता है, तो बैराज से पानी छोड़े जाने की मात्रा और बढ़ाई जा सकती है। बैराज से इतनी बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण निचले दामोदर क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में पानी भरने की आशंका उत्पन्न हो गई है। संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और सिंचाई विभाग पूरे क्षेत्र पर कड़ी निगरानी बनाए हुए हैं।
दूसरी ओर, मौसम विभाग ने बुधवार को कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के सभी जिलों के लिए बारिश का 'येलो अलर्ट' जारी किया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। पुरुलिया, पश्चिम बर्दवान और बीरभूम जिलों में 70 से 110 मिलीमीटर तक भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 8 सितंबर तक दक्षिण बंगाल के जिलों में छिटपुट बारिश जारी रहेगी, जबकि उत्तर बंगाल के जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार जिलों में अगले तीन दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।



0 Comments