Asansol में भारी बारिश से रातों-रात 'गायब हो गई सड़क ! 80 फीट सड़क जमींदोज होने से बना गहरा गड्ढा, यातायात ठप

आसनसोल (राम बाबू यादव) :- आसनसोल स्थित बाराबनी में मूसलाधार बारिश के चलते एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। भानोड़ा-भास्काजुड़ी से नूनी मोड़ जाने वाले मुख्य मार्ग पर मदनमोहनपुर गांव के पास बीती रात अचानक सड़क का बड़ा हिस्सा धंस गया। बारिश के पानी के तेज बहाव में लगभग 80 से 90 फीट लंबी सड़क गायब हो गई और वहां 5 से 7 फीट गहरा गड्ढा बन गया। इसके चलते इस व्यस्त मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है और हजारों ग्रामीणों का संपर्क मुख्य शहर से कट गया है।

सूत्रों के अनुसार, यह सड़क 'प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना' के तहत बनाई गई थी। महज कुछ दिनों की बारिश में ही सड़क का इतना बड़ा हिस्सा धंस जाने से स्थानीय निवासियों और राहगीरों में भारी आक्रोश है। फिलहाल दुर्घटना को रोकने के लिए मौके पर पहुंची पुलिस ने पूरे प्रभावित इलाके की बैरिकेडिंग कर दी है। यातायात पूरी तरह ठप होने के कारण लोग जान जोखिम में डालकर क्षतिग्रस्त हिस्से के बगल से कच्चा रास्ता बनाकर किसी तरह बाइक और पैदल आवाजाही कर रहे हैं।


इस घटना ने सरकारी विकास दावों और सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण के समय गुणवत्ता और जल निकासी का ध्यान नहीं रखा गया, जिसके कारण पहली ही तेज बारिश में सड़क का वजूद मिट गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से महज खानापूर्ति के बजाय स्थायी और मजबूत तरीके से सड़क की अविलंब मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटना दोबारा न हो।

Post a Comment

0 Comments