भारत-बांग्लादेश सीमा पर 1200 बोतल प्रतिबंधित फेंसेडिल कफ सिरप के साथ तस्कर गिरफ्तार


कोलकाता :- उत्तर 24 परगना जिले के घोजाडांगा सीमावर्ती क्षेत्र में पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए कफ सिरप फेंसेडिल की एक बड़ी तस्करी को नाकाम कर दिया है। अंधेरे का फायदा उठाकर अंतरराष्ट्रीय सीमा की ओर ले जाई जा रही फेंसेडिल की 1200 बोतलों को पुलिस ने जब्त किया है। इस कार्रवाई में मौके से हावड़ा निवासी एक तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है, जबकि तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे चार पहिया वाहन को भी कब्जे में ले लिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, बशीरहाट महकमा के स्वरूपनगर थाना अंतर्गत भोलाडांगा सीमा की ओर एक संदिग्ध चार पहिया वाहन जा रहा था। बशीरहाट पुलिस जिले के डीएसपी दीपांजन भट्टाचार्य के नेतृत्व में गश्त कर रही पुलिस टीम ने मेरुदंडी स्विचगेट के पास वाहन को रोककर तलाशी ली। वाहन की पिछली डिग्गी को खंगालने पर पुलिस अधिकारियों के होश उड़ गए, जहां से लगभग 1200 बोतलें प्रतिबंधित फेंसेडिल कफ सिरप बरामद हुईं। जब्त की गई इस खेप की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।

पुलिस ने वाहन चला रहे हावड़ा निवासी आरोपी मुकेशन शर्मा को मौके पर ही हिरासत में ले लिया। पूछताछ के बाद उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस तस्करी के तार सीमा पार किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय गिरोह से जुड़े हो सकते हैं। आरोपी को बारामत जिला एवं सत्र न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जहां पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और इसके नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए आरोपी की रिमांड की मांग करेगी।

Post a Comment

0 Comments