कोलकाता :- पश्चिम बंगाल में मिलावटखोरी और अस्वास्थ्यकर भोजन के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग, कोलकाता नगर निगम (KMC) और पुलिस की संयुक्त टीम ने राज्यव्यापी छापेमारी अभियान को और तेज कर दिया है। इसी कड़ी में उत्तर दमदम के बिराती स्थित मशहूर 'मित्र कैफे' में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर उसे दो दिनों के लिए बंद करने का आदेश जारी किया गया है। इसके साथ ही निमता, यशोर रोड और एमबी रोड इलाकों के कई रेस्तरां में औचक निरीक्षण कर कड़ी चेतावनी दी गई है।
कार्रवाई का बड़ा असर कोलकाता के सबसे व्यस्त और पॉश इलाके पार्क स्ट्रीट में भी देखने को मिला। पार्क स्ट्रीट स्थित 'अर्सलान बिरयानी', 'करीमस', 'डॉन गिओवन्नीस', 'मोकम्बो' और 'कोसे कसा' जैसे नामी-गिरामी रेस्तरां व होटलों में प्रशासन की संयुक्त टीम ने रसोईघर, खाद्य भंडारण और हाइजीन के मानकों की बारीकी से जांच की। इस दौरान कई बड़े आउटलेट्स से भारी मात्रा में सड़ा व दूषित खाना बरामद हुआ, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया और उल्लंघनकर्ताओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
दूसरी ओर, राज्यभर में जारी इस अभियान के तहत हल्दिया टाउनशिप के होटलों से सड़ता मांस और बदबूदार मछली पकड़ी गई, जबकि दक्षिण 24 परगना में हानिकारक केमिकल्स जब्त किए गए। कमलगजी में एक प्रसिद्ध मिठाई दुकान बिना लाइसेंस चलती पाई गई। प्रशासन ने दोटूक शब्दों में कहा है कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी प्रतिष्ठान को बख्शा नहीं जाएगा।



0 Comments