रानीगंज :- रानीगंज क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मुसलाधार बारिश की वजह से नूनिया नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है, जिसके चलते रानीगंज ब्लॉक के हाड़ाभांगा पुल और क्वारडी पुल पूरी तरह जलमग्न हो गए हैं। पुलों के डूब जाने से तिराट ग्राम पंचायत के तहत आने वाले हाड़ाभांगा क्षेत्र के लगभग 15 से 20 गांवों का संपर्क मुख्य इलाके से कट गया है और हजारों लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नदी का जलस्तर इतनी तेजी से बढ़ा है कि तेज बहाव पुलों के ऊपर से बह रहा है। यहां तक कि पुल से सटी पेयजल आपूर्ति की पाइपलाइन भी जलमग्न हो चुकी है।
हालात इस कदर बिगड़ चुके हैं कि पुल के आसपास स्थित बड़े-बड़े पेड़ और ताड़ के पेड़ भी पानी में समा गए हैं। रास्ते पूरी तरह बंद होने की वजह से दैनिक यात्रियों, स्कूली छात्रों और मरीजों की आवाजाही ठप हो गई है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह समस्या कोई नई नहीं है, बल्कि हर साल मानसून के दौरान इन दोनों पुलों के जलमग्न होने से यही स्थिति बनती है। ग्रामीणों की मांग है कि इन पुलों की ऊंचाई बढ़ाकर नए सिरे से मजबूत निर्माण कराया जाए। इस मांग को लेकर पहले भी कई बार विरोध-प्रदर्शन किए जा चुके हैं, लेकिन आश्वासन के सिवा कुछ हासिल नहीं हुआ।



0 Comments