कोलकाता :- पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य के महत्वपूर्ण जनजातीय त्योहार 'करम पूजा' के अवसर पर 22 सितंबर, मंगलवार को पूरे दिन की सरकारी छुट्टी की घोषणा की है। राज्य वित्त विभाग की ओर से जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, इस दिन सभी राज्य सरकारी कार्यालय पूरी तरह से बंद रहेंगे। इसके अलावा, राज्य सरकार के अधीन आने वाले वैधानिक निकायों, बोर्डों, निगमों, नगर पालिकाओं, त्रि-स्तरीय पंचायतों, सरकार द्वारा पोषित विभिन्न संस्थाओं तथा शैक्षणिक संस्थानों में भी अवकाश रहेगा। साथ ही चाय बागानों में काम करने वाले आदिवासी समुदाय के कर्मचारियों के लिए भी यह पूर्ण दिवस की छुट्टी लागू होगी। करम पूजा मुख्य रूप से राज्य के आदिवासी समुदाय का एक बहुत बड़ा और पवित्र पर्व है, जो पंचांग के अनुसार भाद्रपद माह के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि को मनाया जाता है। इस त्योहार के दौरान करम पेड़ की शाखा को जमीन में रोपकर पूजा-अर्चना की जाती है और कई स्थानों पर भव्य मेलों का भी आयोजन होता है। हालांकि कोलकाता या शहरी क्षेत्रों में इसका प्रचलन कम है, लेकिन पश्चिम बंगाल के मानभूम क्षेत्र जैसे बांकुड़ा, पुरुलिया, झाड़ग्राम, पश्चिम मेदिनीपुर और उत्तर बंगाल के कई हिस्सों में इसे बेहद उत्साह के साथ मनाया जाता है। उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार द्वारा जनजातीय संस्कृति और परंपराओं को सम्मान देने के उद्देश्य से इस अवसर पर सार्वजनिक अवकाश की व्यवस्था की गई है।

0 Comments