BJP की नई राज्य कार्यकारिणी घोषित, Asansol से अग्निमित्रा पाल, जितेंद्र तिवारी व पार्थ घोष समेत 9 नेताओं को मिली जगह

रानीगंज :- भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य ने अपनी नई राज्य कार्यकारिणी के सदस्यों के नामों का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। इस नई राज्य कार्यकारिणी समिति में कुल 263 सदस्यों को शामिल किया गया है। आसनसोल सांगठनिक जिले के लिए यह घोषणा बेहद खास रही, जहाँ से 3 विधायकों समेत कुल 9 नेताओं को बीजेपी की नई राज्य कार्यकारिणी महत्वपूर्ण समिति में स्थान दिया गया है।

आसनसोल सांगठनिक जिले से जगह पाने वाले नेताओं में 3 प्रमुख विधायक शामिल हैं। आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से विधायक और राज्य की शहरी विकास व नगर पालिका मामलों की मंत्री अग्निमित्रा पाल, पांडेश्वर के विधायक जितेंद्र तिवारी तथा रानीगंज के विधायक पार्थ घोष को राज्य कार्यकारिणी का सदस्य मनोनीत किया गया है। विधायकों के अलावा क्षेत्र के कई वरिष्ठ और सक्रिय सांगठनिक नेताओं को भी कार्यकारिणी में प्रतिनिधित्व मिला है। इनमें सभापति सिंह, बप्पा आदित्य चटर्जी, विवेकानंद भट्टाचार्य, निर्मल कर्मकार, दिलीप दे और उपासना उपाध्याय के नाम शामिल हैं। रानीगंज और आसनसोल क्षेत्र से इतनी बड़ी संख्या में नेताओं को राज्य स्तर की समिति में शामिल किए जाने से स्थानीय कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि इस कदम से क्षेत्र में संगठन को और अधिक मजबूती मिलेगी।

Post a Comment

0 Comments