आसनसोल :- आसनसोल शहर स्थित जेनेक्स एसकोटिका आवासीय परिसर में मंगलवार को आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। परिसर के टावर नंबर 5 की पहली मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। बताया जा रहा है कि आग की शुरुआत फ्लैट की किचन से हुई। प्रारंभिक जांच में फ्रिज में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि आग लगने के असली कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। जिस फ्लैट में आग लगी, उसमें बैंककर्मी सचिन अम्बष्टा अपने परिवार के साथ रहते हैं। हादसे के वक्त उनकी पत्नी और बच्चा घर में ही मौजूद थे।
गनीमत रही कि समय रहते दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी, पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। दमकल कर्मियों की तत्परता से आग को अन्य फ्लैटों तक फैलने से रोक लिया गया। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।



0 Comments