290 करोड़ के बैंक धोखाधड़ी मामले में कोलकाता-हावड़ा समेत 11 ठिकानों पर ED की रेड

कोलकाता :- प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने लगभग 290 करोड़ रुपये के बैंक कर्ज घोटाले के सिलसिले में कोहिनूर पावर प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ शिकंजा कसते हुए व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया है। गुरुवार को जांच एजेंसी ने कोलकाता और हावड़ा समेत कुल 11 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इसके अलावा मामले से जुड़े तारों की जांच के लिए झारखंड में भी कुछ स्थानों पर तलाशी ली जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोहिनूर पावर प्राइवेट लिमिटेड ने झारखंड में 66 मेगावाट के पावर प्लांट के निर्माण के लिए विभिन्न बैंकों से लगभग 290 करोड़ रुपये का भारी-भरकम ऋण लिया था। आरोप है कि बैंकों से राशि स्वीकृत होने के बाद इस रकम का उपयोग पावर प्लांट प्रोजेक्ट के लिए नहीं किया गया, बल्कि पैसों को धोखाधड़ी के जरिए अन्य समूह कंपनियों के खातों में ट्रांसफर कर दिया गया और व्यक्तिगत उपयोग के लिए इसकी हेराफेरी की गई। 


अंततः यह कंपनी राष्ट्रीय कंपनी कानून न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) में चली गई, जहां परिसमापन (लिक्विडेशन) प्रक्रिया के दौरान बैंकों को केवल 7 करोड़ रुपये ही वापस मिल सके। इससे ऋणदाता बैंकों को भारी वित्तीय नुकसान का सामना करना पड़ा। इस पूरे वित्तीय घोटाले की तह तक पहुंचने के लिए ईडी की अलग-अलग टीमें कंपनी के निदेशकों, वरिष्ठ अधिकारियों और उनके संदिग्ध व्यावसायिक परिसरों में गहन तलाशी ले रही हैं।

Post a Comment

0 Comments