पूर्व बर्दवान में 2 नाबालिगों के लापता होने और विवादित टिप्पणी के विरोध में आदिवासियों ने किया प्रदर्शन

पूर्व बर्दवान :- पूर्व बर्दवान जिले के मन्तेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत मीरपुर से दो नाबालिगों के लापता होने के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने और आदिवासी समुदाय पर की गई कथित विवादित टिप्पणी के विरोध में रविवार को जमकर हंगामा हुआ। 'भारत जाकात माझी मारवा' के बैनर तले प्रदर्शनकारियों ने कुसुमग्राम बाजार चौमाथा पर सड़क जाम कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कुसुमग्राम बाजार इलाके में करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा, जिससे राहगीरों और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।


आदिवासी संगठन का आरोप है कि मीरपुर की दो नाबालिगों की तस्करी की घटना को करीब नौ महीने बीत जाने के बाद भी पुलिस प्रशासन द्वारा आरोपियों के खिलाफ कोई उचित कार्रवाई नहीं की गई है। इसके साथ ही सांसद मदन राठौर द्वारा आदिवासियों के खिलाफ दिए गए कथित बयानों को लेकर भी समुदाय के लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। प्रदर्शनकारी मांग पर अड़े थे कि जब तक जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) या जिलाधिकारी (डीएम) मौके पर आकर ठोस आश्वासन नहीं देते, तब तक वे सड़क से नहीं हटेंगे।


स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मन्तेश्वर थाने से भारी पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। खबर मिलते ही मन्तेश्वर थाने के प्रभारी निरीक्षक (आईसी) सैकत मंडल दल-बल के साथ स्थल पर पहुंचे और आंदोलनकारी नेताओं के साथ काफी देर तक वार्ता की। चर्चा के दौरान आईसी ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि मामले में शामिल एक आरोपी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि घटना में शामिल अन्य असामाजिक तत्वों की गहन जांच और तलाश जारी है, जिन्हें जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। पुलिस अधिकारी के इस आश्वासन के बाद आंदोलनकारियों ने जाम समाप्त किया, जिसके बाद मार्ग पर आवागमन धीरे-धीरे सामान्य हो सका।

Post a Comment

0 Comments