दुर्गापुर :- मैथन और पंचेत डैम से भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने के बाद दामोदर नदी के जलस्तर में अचानक उफान आ गया है। इसके चलते दुर्गापुर नगर निगम के 38 नंबर वार्ड स्थित प्रसिद्ध हुचुकडांगा पिकनिक स्पॉट पूरी तरह से जलमग्न हो गया है। नदी का पानी विकराल रूप लेते हुए पिकनिक स्पॉट परिसर में घुस गया, जिससे पिकनिक कॉटेज, खेल का मैदान और चिल्ड्रन्स पार्क पूरी तरह पानी में डूब गए हैं। हुचुकडांगा पिकनिक स्पॉट में हालात ऐसे बन गए हैं कि जिधर नजर जाए उधर सिर्फ और सिर्फ पानी नजर आ रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात के समय दामोदर नदी के जलस्तर में एकाएक भारी वृद्धि होने से वहां स्थित कॉटेज में ठहरे पर्यटकों के बीच हड़कंप और दहशत फैल गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और स्थानीय प्रबंधन ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया तथा पानी में फंसे सभी पर्यटकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया। दामोदर नदी के तेज बहाव में कॉटेज में रखी कई कीमती सामग्रियां बह गईं और देखते ही देखते पूरा पिकनिक क्षेत्र टापू में तब्दील हो गया। लगातार बढ़ते जलस्तर को लेकर स्थानीय निवासियों और पर्यटकों में भारी चिंता व्याप्त है। तटीय इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारी लगातार दामोदर नदी के जलस्तर और पूरे क्षेत्र की स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं।




0 Comments