सिलीगुड़ी :- उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (NBMCH) में पोस्टमार्टम रिपोर्ट देने के एवज में रिश्वत मांगने के गंभीर मामले में पश्चिम बंगाल भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (Anti-Corruption Branch) ने बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना व ठोस शिकायत के आधार पर अस्पताल परिसर में एक योजनाबद्ध ट्रैप ऑपरेशन चलाकर आरोपी कर्मचारी को रंगे हाथों दबोच लिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक के परिजनों से पोस्टमार्टम रिपोर्ट जारी करने के बदले ₹3,000 की अवैध मांग की गई थी। इस संबंध में मिली शिकायत के बाद एंटी-करप्शन ब्रांच के अधिकारियों ने जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी लैबोरेटरी-कम-मोर्ट्युअरी अटेंडेंट (Laboratory-cum-Mortuary Attendant) ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की राशि स्वीकार की, वैसे ही वहां मौजूद टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
एंटी-करप्शन ब्रांच की इस अचानक हुई कार्रवाई से अस्पताल प्रशासन और कर्मचारियों के बीच हड़कंप मच गया है। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है। इस मामले में अस्पताल के किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता और किसी संगठित रैकेट के शामिल होने की संभावना को ध्यान में रखते हुए जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।


0 Comments