दुर्गापुर नगर निगम के वार्डों की संख्या अब 43 से बढ़कर 53 हुई, साल के अंत में चुनाव की संभावना

दुर्गापुर :- पश्चिम बंगाल सरकार के नगर विकास एवं नगर पालिका मामले विभाग ने दुर्गापुर नगर निगम क्षेत्र के वार्डों की संख्या में बड़ा बदलाव करते हुए इसका पुनर्निर्धारण किया है। 31 अगस्त 2026 को जारी सरकारी अधिसूचना के अनुसार, 'वेस्ट बंगाल म्युनिसिपल कॉरपोरेशन एक्ट 2006' की धारा 7 के तहत राज्यपाल के आदेश से दुर्गापुर में वार्डों की संख्या बढ़ाकर 53 कर दी गई है। वर्तमान में दुर्गापुर नगर निगम क्षेत्र में कुल 43 वार्ड हैं, जिनमें अब 10 नए वार्ड जुड़ जाएंगे। राज्य सरकार द्वारा यह फैसला क्षेत्र की बढ़ती जनसंख्या, जनसंख्या घनत्व, भौगोलिक परिस्थितियों, ऐतिहासिक महत्व और आर्थिक पहलुओं की व्यापक समीक्षा के बाद लिया गया है। प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में इस निर्णय को काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि आगामी नवंबर महीने के अंत या दिसंबर की शुरुआत में नगर निगम चुनाव कराए जाने की प्रबल संभावना जताई जा रही है। 


दुर्गापुर नगर निगम चुनाव की आहट के ठीक पहले वार्डों के पुनर्गठन और इनकी संख्या बढ़ाने की इस अधिसूचना से दुर्गापुर शिल्पांचल में राजनीतिक हलचल तेज हो गई हैं। गौरतलब है कि आखिरी बार वर्ष 2017 में दुर्गापुर नगर निगम के चुनाव हुए थे। वर्ष 2022 में नगर निगम बोर्ड का कार्यकाल समाप्त हुआ था। लेकिन इसके बाद तत्कालीन तृणमूल कांग्रेस सरकार ने दुर्गापुर नगर निगम का चुनाव करवाए जाने की बजाय प्रशासक की नियुक्ति कर दी थी। पिछले लगभग 4 वर्षों से दुर्गापुर नगर निगम के संचालन की जिम्मेदारी प्रशासक बोर्ड के हाथों में थी। लेकिन राज्य में नई बीजेपी की सरकार बनने के बाद दुर्गापुर नगर निगम के प्रशासक बोर्ड को भंग कर दिया गया। राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से लेकर शहरी विकास एवं नगर पालिका मामलों की मंत्री अग्निमित्रा पाल भी कोलकाता नगर निगम, हावड़ा नगर निगम और दुर्गापुर नगर निगम के चुनाव इस साल के अंत तक करवाए जाने के संकेत दे चुके हैं।

Post a Comment

0 Comments