Andal में महिला की गला रेतकर हत्या, दूसरी शादी करने के बाद पति पर ही हत्या का आरोप

अंडाल :- पहले पति को छोड़कर दूसरे पुरुष से शादी करने वाली एक महिला का उसके ही घर से गला कटा हुआ लहुलूहान शव बरामद हुआ है। यह सनसनीखेज वारदात अंडाल थाना क्षेत्र के खांदरा पंचायत अंतर्गत मोयरा डिपो पाड़ा इलाके की है। मृतका की पहचान 44 वर्षीया तारा देवी भुइयां के रूप में हुई है। घटना के बाद से फरार महिला के दूसरे पति तपन डोम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार को स्थानीय लोगों ने तारा देवी का शव घर के भीतर खून से लथपथ हालत में देखा। उनके गले पर धारदार हथियार से हमले के निशान थे। 

सूचना मिलते ही अंडाल के एसीपी दीपकुमार दास पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पड़ोसियों के अनुसार, पहले पति को छोड़ने के बाद तारा देवी ने स्थानीय खदान कर्मी तपन डोम से शादी की थी। पहली शादी से उनकी दो बेटियां हैं। दंपति के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। पुलिस सभी संभावित कोणों, जैसे पारिवारिक कलह और पहले पति से संपर्क की जांच कर रही है। डिप्टी कमिश्नर रासप्रीत सिंह ने बताया कि हत्या के सही कारणों का पता लगाने के लिए मामले की गहन जांच जारी है।

Post a Comment

0 Comments