आसनसोल :- आसनसोल दक्षिण थाना क्षेत्र अंतर्गत हाटन रोड से सटे गौर मंडल रोड में रविवार को उस समय अचानक अफरा-तफरी मच गई, जब काफी समय से खाली और जर्जर पड़े एक मकान की दीवार (पांचील) अचानक भरभराकर गिर गई। इस हादसे में एक महिला समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दीवार के मलबे के नीचे आकर एक स्कूटी पूरी तरह दबकर क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद सड़क पर भारी मात्रा में मलबा जमा हो जाने के कारण आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया और स्थानीय लोगों के बीच काफी देर तक दहशत का माहौल बना रहा।
घटना की जानकारी मिलते ही आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। इसके साथ ही उन्होंने आसनसोल नगर निगम के सफाईकर्मियों को बुलवाकर सड़क पर फैले मलबे को हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क किनारे स्थित यह मकान लंबे समय से खाली पड़ा हुआ था और देखरेख के अभाव में इसकी स्थिति अत्यंत जर्जर हो चुकी थी।
स्थल का निरीक्षण करने के बाद विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने कहा कि जर्जर पांचील गिरने की यह घटना बेहद खतरनाक थी और इससे कोई बड़ा हादसा हो सकता था, हालांकि गनीमत यह रही कि इसमें कोई जनहानि नहीं हुई। उन्होंने आश्वस्त किया कि वह जल्द ही आसनसोल नगर निगम की कमिश्नर से वार्ता कर शहर भर में मौजूद ऐसे तमाम पुराने और जर्जर मकानों को चिह्नित कर हटाने की ठोस व्यवस्था करवाएंगे, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।



0 Comments