आसनसोल :- आसनसोल शहर में गैस के कारोबार का एक बेहद चौंकाने वाला और खतरनाक मामला सामने आया है। आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र के रेलपार बाबूवातला इलाके में घनी आबादी के बीच, एक निजी स्कूल के परिसर के भीतर छिपाकर बनाए गए गैस गोदाम का पर्दाफाश हुआ है। गुप्त सूचना के आधार पर एनफोर्समेंट ब्रांच, स्थानीय पुलिस और अग्निशमन विभाग ने संयुक्त छापेमारी कर गोदाम को सील कर दिया।
शीतला के पास करबला रोड स्थित इस ठिकाने से पुलिस ने 200 से अधिक गैस सिलेंडर बरामद किए हैं, जिनमें से 61 सिलेंडर गैस से पूरी तरह भरे हुए थे और बाकी खाली थे। घनी आबादी और स्कूल परिसर के भीतर इतने बड़े पैमाने पर ज्वलनशील गैस का भंडारण किसी बड़े हादसे को न्योता दे रहा था। आग की एक छोटी सी चिंगारी भी पूरे इलाके को तबाह कर सकती थी। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि यहां लंबे समय से सिलेंडरों को स्टॉक कर उन्हें ऊंचे दामों पर बेचकर कालाबाजारी की जा रही थी।
हाल के दिनों में जिला प्रशासन द्वारा भंडारण और कालाबाजारी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह बड़ी सफलता मिली है। पुलिस के अनुसार, बिना किसी वैध दस्तावेज के अवैध रूप से चलाए जा रहे इस गोदाम को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। एनफोर्समेंट ब्रांच और आसनसोल उत्तर थाना पुलिस इस पूरे कारबार के पीछे शामिल मुख्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है। स्कूल परिसर में इस तरह का जानलेवा कारोबार उजागर होने से स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया है, हालांकि उन्होंने प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।





0 Comments