Asansol में बागेश्वर बाबा के अपमान के मामले में 4 दिन बाद जेल से रिहा हुए कांग्रेस नेता अरूप मुखर्जी

आसनसोल :- बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की तस्वीर और पोस्टर का अपमान करने के आरोप में गिरफ्तार किए गए स्थानीय कांग्रेस नेता अरूप मुखर्जी को जमानत मिलने के बाद बुधवार को आसनसोल जेल से रिहा कर दिया गया। 4 दिनों तक सलाखों के पीछे रहने के बाद बाहर आए अरूप मुखर्जी का जेल के मुख्य द्वार पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाएं पहनाकर भव्य स्वागत किया और जमकर नारेबाजी की। इस दौरान पार्टी नेता शाह आलम, विश्वनाथ यादव सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।


जेल से बाहर आते ही कांग्रेस नेता ने अपनी गिरफ्तारी को लेकर राज्य सरकार पर कड़ा हमला बोला और आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। गौरतलब है कि दुर्गा पूजा के दौरान मांसाहार का सेवन न करने की बागेश्वर बाबा की अपील को लेकर विवाद खड़ा हो गया था और विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए पोस्टर जलाए थे। इस घटना के विरोध में भाजपा युवा मोर्चा ने आसनसोल दक्षिण थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 43 वर्षीय अरूप मुखर्जी को उनके मोहिषीला कॉलोनी स्थित आवास से गिरफ्तार किया था।

Post a Comment

0 Comments