आसनसोल :- डेंगू की रोकथाम और शहर को स्वच्छ बनाए रखने के उद्देश्य से आसनसोल नगर निगम (एएमसी) की ओर से तीन दिवसीय विशेष अभियान की शुरुआत की गई है। इस अभियान के तहत शनिवार को शहर में एक भव्य जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें राज्य की शहरी विकास और नगर पालिका मामलों की मंत्री अग्निमित्रा पाल विशेष रूप से शामिल हुईं। यह जागरूकता रैली रामसाय मैदान से शुरू होकर महीशीला बटतला तक गई। रैली में मंत्री अग्निमित्रा पाल के अलावा आसनसोल नगर निगम के नगर आयुक्त दिलीप मित्रा, नगर निगम के अधिकारी और बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल हुए। रैली के माध्यम से आम जनता को डेंगू से बचाव, घरों के आसपास जलजमाव न होने देने और शहर को साफ-सुथरा रखने का संदेश दिया गया। इस दौरान स्थानीय लोगों और निगम कर्मियों का उत्साह देखने लायक था।
इसके साथ ही, शहर में स्वच्छता व्यवस्था पर कड़ी निगरानी रखने के लिए 'एएमसी सिटी वॉच' (AMC City Watch) वाहन सेवा की शुरुआत की गई है। रामसाय मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंत्री अग्निमित्रा पाल ने इस विशेष वाहन का उद्घाटन किया। उद्घाटन के अवसर पर मंत्री ने बताया कि यह वाहन आसनसोल नगर निगम के सभी 10 बोरों क्षेत्रों में लगातार गश्त करेगा। यह गाड़ी सड़कों के किनारे फेंके जाने वाले कचरे, खुले में शौचालय या मूत्र त्याग करने वालों और स्वच्छता नियमों के उल्लंघन पर पैनी नजर रखेगी, ताकि शहर को पूरी तरह स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सके।



0 Comments