Asansol में MLA कृष्णेन्दू मुखर्जी के हस्तक्षेप से मिनी बसों हड़ताल समाप्त, यात्रियों ने ली राहत की सांस

आसनसोल :- पिछले 3 दिनों से आसनसोल बस स्टैंड पर जारी मिनी बसों की हड़ताल मंगलवार को आखिरकार समाप्त हो गई। टोटो के बढ़ते दबदबे और विभिन्न समस्याओं को लेकर सबसे पहले आसनसोल से बाराबनी के दोमोहानी और फिर आसनसोल रेलवे स्टेशन से बर्नपुर बस स्टैंड रूट के मिनी बस कर्मी हड़ताल पर चले गए थे। इन दोनों प्रमुख रूटों पर बसों का परिचालन ठप होने से आम यात्रियों को भारी फजीहत का सामना करना पड़ रहा था। हड़ताल समाप्त होने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली है। बैठक में बस कर्मियों ने आरोप लगाया कि मुख्य सड़क पर टोटो और ऑटो यात्रियों को उठा रहे हैं। इसके अलावा झारखंड नंबर वाले ऑटो की संख्या भी काफी बढ़ गई है, जिससे बस व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। 

मामले को संज्ञान में लेते हुए आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी के निर्देश पर उनके प्रतिनिधि दीपक गुप्ता बस स्टैंड पहुंचे। उन्होंने हड़ताल कर रहे बस मालिकों और कर्मचारियों से सीधे बातचीत कर विधायक का संदेश पहुंचाया। दीपक गुप्ता ने कर्मचारियों से अपनी सभी समस्याओं को लिखित और बिंदुवार रूप में विधायक को सौंपने का अनुरोध किया।


दीपक गुप्ता ने बस कर्मियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि नई सरकार के कार्य करने का तरीका पिछली सरकारों से बिल्कुल अलग है और समस्याओं के निवारण के लिए त्वरित कदम उठाए जाएंगे। विधायक के आश्वासन का मान रखते हुए परिवहन कर्मियों ने तुरंत प्रभाव से अपनी हड़ताल वापस ले ली। इस विषय पर स्थाई समाधान तलाशने के लिए दीपक गुप्ता के नेतृत्व में आसनसोल साउथ ट्रैफिक गार्ड कार्यालय में ट्रैफिक प्रभारी के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक भी आयोजित की गई, ताकि टोटो के अनियंत्रित परिचालन से जुड़ी समस्याओं का जल्द से जल्द निपटारा किया जा सके।

Post a Comment

0 Comments