आसनसोल :- पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हुई हिंसा और भ्रष्टाचार समेत विभिन्न आरोपों से घिरे तृणमूल कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी का सिलसिला हमने का नाम नहीं ले रहा है। एक के बाद एक पुलिस ऐसे मामलों में तृणमूल नेताओं को गिरफ्तार कर जेल भेज रही है। इसी कड़ी में चुनाव बाद हुई हिंसा समेत अन्य मामलों में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सालानपुर ब्लॉक की कल्या ग्राम पंचायत के प्रधान और तृणमूल कांग्रेस नेता श्रीकांत पातर को पुलिस ने मंगलवार देर रात उनके चयनपुर स्थित आवास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी नेता के खिलाफ बादल पातर नामक व्यक्ति ने मारपीट, तोड़फोड़ और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद सालानपुर थाने की रूपनारायणपुर पुलिस फाड़ी ने यह कार्रवाई की। बुधवार को पुलिस ने आरोपी को आसनसोल अदालत में पेश कर सात दिनों की पुलिस रिमांड की मांग की। क्षेत्र में प्रभावशाली समझे जाने वाले श्रीकांत चुनाव नतीजों के बाद से ही फरार चल रहे थे। उनकी गिरफ्तारी से जहां स्थानीय निवासियों में राहत है, वहीं राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि इस मामले की जांच से कई अन्य बड़े राजनीतिक चेहरों के राज भी बेनकाब हो सकते हैं।

0 Comments