Asansol में स्वच्छता को लेकर कड़ाई, सार्वजनिक स्थानों पर थूकने और कचरा फेंकने पर लगेगा जुर्माना

आसनसोल :- राज्य सरकार के नए नियमों के तहत आसनसोल नगर निगम ने शहर को साफ-सुथरा बनाने के लिए सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। 1 सितंबर से नगर निगम की ओर से पूरे शहर में एक साथ जागरूकता रैली और चालान (फाइन) अभियान की शुरुआत की गई है। नए नियमों के अनुसार अब सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी फैलाने वालों पर सीधा जुर्माना लगाया जाएगा। अभियान की कमान संभाल रहे नगर निगम आयुक्त ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार के निर्देशों के तहत पूरे राज्य के शहरों को निर्मल और स्वच्छ बनाना प्राथमिक उद्देश्य है। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, जिसके तहत सार्वजनिक जगह पर थूकने पर 100 रुपये का जुर्माना तय किया गया है। इसके अलावा सार्वजनिक स्थान पर पेशाब करने, कचरा या गंदगी फैलाने, प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग करने और अवैध रूप से कचरा डंप करने पर 200 रुपये का जुर्माना वसूला जाएगा। 

अभियान के पहले ही दिन एक तरफ जहां निगम की टीमों ने रैली निकालकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया, वहीं दूसरी तरफ नियम तोड़ने वालों के चालान भी काटे। निरीक्षण के दौरान कई दुकानों के बाहर भारी मात्रा में कचरा फैला पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों पर जुर्माना लगाया गया। निगम की इस सख्ती का स्थानीय व्यापारियों ने स्वागत किया है। दुकानदारों का मानना है कि इस कदम से बाजार परिसर साफ-सुथरा रहेगा, जिससे ग्राहकों को बेहतर और स्वच्छ माहौल मिलेगा। नगर निगम प्रशासन ने सभी शहरवासियों से अपील की है कि वे कूड़ा हमेशा कूड़ेदान में ही डालें और आसनसोल को स्वच्छ व सुंदर बनाने में अपना योगदान दें।

Post a Comment

0 Comments