Asansol में छिनतई का विरोध करने पर स्कूल के कर्मचारी को बदमाशों ने मारी गोली, इलाके में दहशत

आसनसोल :- राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर रात की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। दिल्ली पब्लिक स्कूल के पास नाइट ड्यूटी पर जा रहे एक कर्मचारी को बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने गोली मार दी। घायल की पहचान सालानपुर ब्लॉक के अल्लाडी पंचायत अंतर्गत धागुड़ी निवासी हरिदास लायक (43 वर्ष) के रूप में हुई है। उन्हें गंभीर हालत में ईएसआई अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, हरिदास लायक रोज की तरह शनिवार रात बाइक से आसनसोल के श्रीहरि ग्लोबल स्कूल में नाइट ड्यूटी के लिए जा रहे थे। रात करीब 10-11 बजे के आसपास जैसे ही वे डीपीएस के पास पहुंचे, पीछे से आई बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें रोकने की कोशिश की। आरोप है कि बदमाशों ने उनका बैग छीनने का प्रयास किया। हरिदास ने जब इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उन पर लगातार दो गोलियां चला दीं। एक गोली उनके पैर में जा लगी, जिससे वे बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े।


गोली लगने के बावजूद हरिदास ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने अपने मोबाइल फोन से भाग रहे हमलावरों का वीडियो बनाने की कोशिश की, जिसके बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सालानपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल को तत्काल बरामद कर अस्पताल पहुंचाया। घटनास्थल से पुलिस को एक खोखा कारतूस भी बरामद हुआ है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर डॉ. प्रणब कुमार, डीसी वेस्ट सना अख्तर और डीसी सेंट्रल ध्रुव दास समेत वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे इलाके में नाका चेकिंग और सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। साथ ही एनएच-19 पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। व्यस्ततम राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई इस गोलीबारी की घटना से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। रात में ड्यूटी पर जाने वाले कर्मचारियों और राहगीरों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

Post a Comment

0 Comments